
रायबरेली। शहर के गुरुनानक बहादुर मार्केट की जर्जर एवं आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त स्थिति को लेकर सदर विधायक अदिति सिंह ने संज्ञान लिया है। इस संबंध में उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद रायबरेली को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विधायक को मार्केट के व्यापारियों और किरायेदारों की ओर से एक प्रार्थना-पत्र सौंपा गया था। इसमें बाजार की खराब हालत, क्षतिग्रस्त हिस्सों और उससे उत्पन्न हो रही समस्याओं का उल्लेख किया गया है। व्यापारियों का कहना है कि संबंधित विभाग द्वारा पूर्व में भेजी गई रिपोर्ट स्पष्ट नहीं है तथा क्षतिग्रस्त भागों का दोबारा निरीक्षण कराए जाने की आवश्यकता है।
वर्तमान स्थिति के कारण बाजार में व्यापार संचालन प्रभावित हो रहा है, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने नगर पालिका प्रशासन से स्थल का पुनः निरीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र मरम्मत कार्य सुनिश्चित कराने को कहा है। विधायक ने कहा कि व्यापारियों को राहत दिलाना उनकी प्राथमिकता है और आवश्यक कार्यवाही जल्द कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश भी दिए हैं।





