रायबरेली। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर समूचा जनपद शिवमय नजर आया। देवाधिदेव महादेव की आराधना के इस विशेष अवसर पर प्रमुख समाजसेवी पूनम सिंह ने विभिन्न प्राचीन और सिद्ध शिवालयों का भ्रमण कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। पूनम सिंह ने अपनी आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत लालगंज के ऐहार स्थित सुप्रसिद्ध प्राचीन बालेहश्वर बाबा मंदिर से की। यहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासी विमल गुप्ता द्वारा आयोजित विशाल भंडारे में सहभागिता की। उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण कर सेवा भाव का परिचय भी दिया। इसके पश्चात वह रायबरेली सदर के राही ब्लॉक अंतर्गत ग्राम लोधवारी पहुंचीं। यहां स्थित सिद्धेश्वर मंदिर में उन्होंने भगवान शिव के दर्शन कर आरती-पूजन में भाग लिया। मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे में पहुंचकर उन्होंने प्रसाद ग्रहण किया और क्षेत्रीय नागरिकों से भेंट की। शिव आराधना का यह क्रम रायबरेली शहर के सत्यनगर स्थित आनंदेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ। यहां पूनम सिंह ने संध्या आरती में भाग लेकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में उमड़े श्रद्धालुओं के उत्साह के बीच उन्होंने प्रसाद ग्रहण कर अपनी धार्मिक यात्रा को पूर्ण किया। दर्शन और पूजन के उपरांत मीडिया से बातचीत में पूनम सिंह ने कहा, “महाशिवरात्रि का पर्व हमें संयम और सेवा की सीख देता है। भगवान भोलेनाथ से यही प्रार्थना है कि वे समस्त जनपदवासियों की मनोकामनाएं पूर्ण करें तथा सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो।”
महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा श्रद्धा का जनसैलाब





