रायबरेली। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय अटल भवन में “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026” के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रभारी पीयूष मिश्रा रहे, जबकि कार्यशाला की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बुद्धि लाल पासी ने की। कार्यशाला को संबोधित करते हुए पीयूष मिश्रा ने कहा कि पहले संगठन का निर्माण, फिर कार्यकर्ता निर्माण और उसके बाद राष्ट्र निर्माण का लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने संगठनात्मक मजबूती और वैचारिक स्पष्टता पर विशेष जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने और आगामी कार्यक्रमों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने प्रशिक्षण को विचारधारा के विस्तार का प्रमुख साधन बताया।
उन्होंने प्रशिक्षण की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जिला स्तर पर दो दिवसीय तथा मंडल स्तर पर 24 घंटे की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। बूथ स्तर पर दो सत्रों में प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न कराने की योजना है। सांगठनिक सुदृढ़ीकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि संगठन को नीचे से मजबूत करना आवश्यक है। बूथ स्तर की सक्रियता बढ़ाने और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता में वृद्धि पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। व्यक्ति निर्माण के अंतर्गत कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व में सुचिता, अनुशासन और जनसेवा की भावना जागृत करने पर बल दिया गया। साथ ही पार्टी की नीतियों, इतिहास और कार्यपद्धति की जानकारी देने तथा जनहितकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
जिला कार्यशाला के बाद मंडल प्रशिक्षण वर्ग 7 मार्च से 13 मार्च के बीच आयोजित किए जाएंगे। पूरे प्रदेश में 1313 मंडलों तथा रायबरेली जनपद के 26 मंडलों में यह प्रशिक्षण महाअभियान संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय मंत्री दिलीप यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किरन सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील शर्मा, राम देव पाल, सुरेंद्र सिंह दाढ़ी सहित जिला पदाधिकारी, पूर्व जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।





