फिरोजाबाद। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विशेष अभियान दिवस पर निर्वाचन प्रक्रिया की सुचिता और प्रगति को परखने हेतु डीएम ने शिकोहाबाद विधानसभा के बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य सम्मिलित कराएं। डीएम रमेश रंजन ने शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नारायण इंटर कॉलेज में स्थापित बूथ संख्या 346 से 354 का निरीक्षण कर बूथ लेवल अधिकारियों से प्राप्त हो रहे आवेदनों की वस्तुस्थिति को जाना। फॉर्म-6, 7, 8 और फॉर्म-6ए (प्रवासी मतदाता) के निस्तारण और उपलब्धता का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र पर उपस्थित आम नागरिकों और मतदाताओं से संवाद करते हुए कहा कि दावा एवं आपत्ति अवधि का लाभ उठाएं। अधिक से अधिक पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराएं। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित करते हुए कहा कि पुनरीक्षण का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसे पूरी सटीकता, समयबद्धता और त्रुटिहीन तरीके से संपन्न करें। किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी शिकोहाबाद गजेंद्र पाल सिंह मौजूद रहे।
डीएम ने बूथों का निरीक्षण कर आवेदनों की स्थिति का लिया जायजा





