फिरोजाबाद। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में मेगा विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर, गरीब और असहाय वर्गों को निःशुल्क कानूनी सलाह और सहायता उपलब्ध कराना है। शिविर का शुभारंभ जिला जज डॉ. बब्बू सारंग ने मां सरस्वती एवं वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन करते हुए किया। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एक वन-स्टॉप कानूनी सहायता केंद्र के रूप में कार्य करता है। आर्थिक या अन्य अक्षमताओं के कारण किसी भी व्यक्ति को न्याय से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान डीएलएसए द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी दी गई। इनमें निःशुल्क कानूनी सलाह शामिल है, जिसके तहत कानूनी दस्तावेज तैयार करने और विधिक राय प्राप्त करने में सहायता दी जाती है। मध्यस्थता केंद्र के माध्यम से अदालत की लंबी प्रक्रिया से बचते हुए आपसी सहमति से विवादों का त्वरित समाधान भी प्रदान किया जाता है। राष्ट्रीय स्तर पर टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के माध्यम से भी मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है। इस दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिनमें आम जनता को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अनेक पात्र लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्राधिकरण सचिव योगेश शिवा, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अरविंद कुमार, एडीजे प्रथम सुनील कुमार, सीडीओ शत्रोहन वैश्य, एडीएम मोहनलाल गुप्ता, उपनिदेशक कृषि एसपी सिंह, बीएसए आशीष पांडे आदि मौजूद रहे।
जनता को सरकारी योजनाओं में निःशुल्क विधिक सहायता दी जाएगी – जिला जज





