रायबरेली। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के अनुमोदन उपरांत, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश रायबरेली अमित पाल सिंह के निर्देशन में राजकीय इंटर कॉलेज, रायबरेली में मेगा (वृहद) विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय भूपेन्द्र राय, मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता, नोडल अधिकारी लोक अदालत अमित कुमार पाण्डेय, मुख्य चिकित्साधिकारी नवीन चन्द्रा एवं जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार द्वारा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरित किए गए।
लाभार्थियों को ट्रैक्टर, कृषि छिड़काव ड्रोन, ट्राइसाइकिल, मछली विक्रय हेतु मोपेड, कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत स्वीकृति पत्र, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना के अंतर्गत स्वीकृति पत्र, पॉपकॉर्न मशीन, पॉलीहाउस, उद्यम ऋण, डेमो चेक तथा अन्य योजनाओं के लाभ प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को डेमो चाबी, स्वरोजगार योजना के प्रमाणपत्र, कृषि विभाग द्वारा कृषि यंत्र तथा विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को डेमो चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह ने कहा कि सेवा मानवता का मूल है और सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों पर भी प्रकाश डाला। अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी लाभार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अमोद कंठ द्वारा सभी लाभार्थियों एवं आगंतुकों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद के समस्त न्यायिक अधिकारी, एडीएम (वित्त एवं राजस्व), बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद, क्षेत्राधिकारी महाराजगंज, विधि छात्र, पैनल अधिवक्ता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता, पराविधिक स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे।





