• Home
  • रायबरेली
  • उद्यान मंत्री ने तीन दिवसीय सरस मेला का किया शुभारंभ

उद्यान मंत्री ने तीन दिवसीय सरस मेला का किया शुभारंभ

रायबरेली। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात उ.प्र. दिनेश प्रताप सिंह ने जीआईसी मैदान में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तत्वावधान में आयोजित “जनपद स्तरीय तीन दिवसीय सरस मेला-2026” का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके उपरांत उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा स्वनिर्मित उत्पादों की बिक्री एवं प्रदर्शनी के लिए लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह एवं उपायुक्त एनआरएलएम सविता सिंह उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में मंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत चार महिला समूहों को 7 करोड़ 63 लाख रुपये से अधिक का डमी चेक प्रदान कर सम्मानित किया। योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले खंड विकास अधिकारी दीनशाहगौरा अशोक कुमार सचान, खंड विकास अधिकारी अमावां संदीप कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी लालगंज गगनदीप सिंह तथा बैंक स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अग्रणी बैंक प्रबंधक रुपेश दुबे, क्षेत्रीय प्रबंधक अनुज कुमार यादव एवं शैलेंद्र प्रताप सिंह को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आदर्श स्वयं सहायता समूह की सदस्य गंगा सिंह ने बताया कि उन्होंने लगभग 258 समूहों का गठन कर महिलाओं को जोड़ने का कार्य किया, जिससे वे स्वयं सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनीं और अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनाया।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मातृशक्ति को स्वावलंबी और सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। आज महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य हो रहा है। छोटे-छोटे कार्यों से लेकर समूह आधारित गतिविधियों तक, महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश, प्रदेश और जनपद का नाम रोशन कर रही हैं। धन्यवाद ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में उपनिदेशक कृषि विनोद कुमार, उपायुक्त उद्योग परमहंस मौर्य, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, जिला उद्यान अधिकारी जयराम वर्मा सहित संबंधित अधिकारी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top