• Home
  • फिरोजाबाद
  • कार्यकारिणी चुनाव से पहले पार्षदों ने छोड़ा सदन, हंगामा

कार्यकारिणी चुनाव से पहले पार्षदों ने छोड़ा सदन, हंगामा

फिरोजाबाद। नगर निगम की कार्यकारिणी चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले जमकर हंगामा हुआ। कर्मचारियों के मुद्दे पर सदन का माहौल गरमा गया। कई पार्षद सदन छोड़कर बाहर धरने पर बैठ गए। नगर आयुक्त के समझाने के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। पालीवाल ऑडिटोरियम में नगर निगम की कार्यकारिणी का चुनाव दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होना था, लेकिन बैठक शुरू होते ही पार्षद अजय शर्मा ने प्रकाश विभाग से हटाए गए 28 कर्मचारियों को बहाल करने की मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि कर्मचारियों को बिना ठोस कारण हटाया गया है और उनकी बहाली के बिना चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाना अनुचित होगा। मेयर कामिनी राठौर ने स्पष्ट किया कि बैठक का एजेंडा केवल कार्यकारिणी चुनाव है और उसी पर चर्चा की जाएगी। मेयर के इस रुख से असंतुष्ट कई पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर निकल गए। पार्षद उषा शंखवार, देश दीपक यादव सहित अन्य पार्षदों ने सदन की बैठक का बहिष्कार कर ऑडिटोरियम परिसर में धरना दिया, जिससे चुनाव प्रक्रिया कुछ देर के लिए बाधित हुई।

स्थिति को संभालते हुए नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित कंपनी के अधिकारी उनके कार्यालय में मौजूद हैं। जिन कर्मचारियों का अनुबंध समाप्त हो गया है, वे सीधे अधिकारियों से संपर्क कर अपना अनुबंध पुनः करवा सकते हैं। नगर आयुक्त के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ और पार्षद वापस सदन में लौट आए। इसके बाद कार्यकारिणी चुनाव की प्रक्रिया पुनः शुरू की गई। इस दौरान उपसभापति विजय शर्मा, अपर नगर आयुक्त अजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त रविंद्र प्रताप सिंह, निहाल चंद्र, कर निर्धारण अधिकारी नीरज पटेल, मुख्य लेखा परीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रभारी लेखाधिकारी योगेंद्र त्रिपाठी, वीरेंद्र सिंह, लायक राम शर्मा आदि मौजूद रहे।

छह कार्यकारिणी सदस्य हुए विजयी

फिरोजाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी के चुनाव में तीन विधायकों सहित मतदान हुआ। नगर विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, शिकोहाबाद विधायक डॉ. मुकेश वर्मा एवं निगम के 70 पार्षदों ने मतदान कर नई कार्यकारिणी का गठन किया। इसमें मुनेद्र सिंह यादव, धर्मपाल सिंह राठौर, कृष्णवीर, श्याम सिंह यादव, देवेंद्र राजपूत और मनोज शंखवार ने जीत हासिल की। छह कार्यकारिणी सदस्यों के लिए हुए चुनाव में कुल आठ प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें से छह ने जीत दर्ज कर कार्यकारिणी सदस्य के रूप में स्थान बनाया। भाजपा पार्षद मुनेद्र यादव ने सर्वाधिक मत प्राप्त कर सभी को चौंका दिया। चुनाव में धर्मपाल सिंह राठौर, मुनेद्र यादव, श्याम सिंह यादव, कृष्णवीर, मनोज शंखवार और देवेंद्र कुमार विजयी घोषित किए गए, जबकि रानी देवी और अलका को हार का सामना करना पड़ा। महापौर कामिनी राठौर ने सभी विजयी सदस्यों को मनोनयन पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top