-
परिजनों ने घंटों शव नहीं उठने दिया, काटा हंगामा
-
एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीण हुए शांत, साढ़े सात लाख रु. मुआवजा देने की घोषणा
फिरोजाबाद। पोल पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहे लाइनमैन की सोमवार को करंट लगने से मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने परिजनों के साथ शव को नहर पुल नगला धारू पर रखकर जाम लगा दिया। एसडीएम जसराना मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई है। एका विद्युत उपकेंद्र के फीडर उडेसर पर तैनात लाइनमैन सौरभ सोमवार को सुबह 11 बजे पोल पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहा था। तभी अचानक करंट लगने से सौरभ पोल से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई गौरव ने बताया कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण उसके भाई की मौत हुई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। शाम पांच बजे तक जाम नहीं खुल सका। उपजिलाधिकारी जसराना राजेश शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को साढ़े सात लाख रु. मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को पेंशन तथा ग्राम सभा की जमीन में मानक के आधार पर पट्टा दिए जाने की घोषणा की। घटना में संबंधित दोषी एसएसओ अमरनाथ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। घटना की जानकारी मिलते ही अधीक्षण अभियंता राहुल सिंह, जेई अजय कुमार, सीओ जसराना प्रेमप्रकाश पांडे आदि अधिकारी मौके पर पहुंच गए।










