• Home
  • रायबरेली
  • आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना का हरित ऊर्जा की ओर एक और कदम

आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना का हरित ऊर्जा की ओर एक और कदम

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) में 24 फरवरी 2026 को विभिन्न भवनों पर कुल 1050 किलोवाट क्षमता के बाइफेशियल रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित किए गए। इस नवनिर्मित सौर संयंत्र का उद्घाटन महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया। स्थापित सोलर पैनलों में सुपरवाइजर विश्रामगृह (112.2 किलोवाट), तकनीकी प्रशिक्षण छात्रावास (138.6 किलोवाट), केंद्रीय विद्यालय (223.2 किलोवाट), वर्कर कैंटीन (255.6 किलोवाट), गंधमादन अधिकारी विश्रामगृह (75 किलोवाट) तथा चिकित्सालय (246.6 किलोवाट) शामिल हैं।

बाइफेशियल सोलर पैनल अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित होते हैं, जो सामने और पीछे दोनों ओर से सूर्य की रोशनी का उपयोग कर बिजली उत्पादन करते हैं। ये पारंपरिक सोलर पैनलों की तुलना में 10 से 30 प्रतिशत अधिक ऊर्जा उत्पन्न करते हैं। विशेष रूप से परावर्तक सतहों (जैसे सफेद छत या जमीन) पर इनका प्रदर्शन बेहतर होता है और कम स्थान में अधिक ऊर्जा उत्पादन के लिए उपयुक्त माने जाते हैं। प्रत्येक सोलर पैनल की क्षमता 600 वाट है।

आरेडिका के प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता मनोज कुमार जिंदल ने बताया कि नए रूफटॉप सोलर पैनलों की स्थापना के बाद आरेडिका की कुल सौर ऊर्जा क्षमता बढ़कर 5.13 मेगावाट हो गई है। इस संयंत्र को सीधे ग्रिड से जोड़ा गया है। इसके माध्यम से प्रतिवर्ष रेलवे राजस्व में लाखों रुपये की बचत होने की संभावना है तथा लगभग 4 से 5 वर्षों में परियोजना अपनी लागत की भरपाई कर लेगी। साथ ही, कार्बन फुटप्रिंट में कमी आएगी और हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।


आरेडिका चिकित्सालय में फिजियोथेरेपी सुविधाओं का विस्तार

आरेडिका चिकित्सालय में भी 24 फरवरी 2026 को महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा एवं आरेडिका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती भारती मिश्रा द्वारा फिजियोथेरेपी सुविधाओं का विस्तार किया गया। चिकित्सालय में अत्याधुनिक फिजियोथेरेपी मशीनें, जिनमें बाईपोलर डाइथर्मल मशीन शामिल है, स्थापित की गई हैं। इन मशीनों के माध्यम से रेल कर्मियों एवं उनके परिजनों को चोट और दर्द की स्थिति में उन्नत उपचार सुविधा उपलब्ध होगी।

पीसीएमओ डॉ. आभा जैन ने बताया कि नई फिजियोथेरेपी मशीनें चिकित्सा सेवाओं को नई दिशा प्रदान करेंगी। इनसे बिना जलन और असुविधा के रोगियों के दर्द का उपचार संभव होगा तथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर प्रधान वित्त सलाहकार बी.एल. मीना, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता मनोज कुमार जिंदल, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य अभियंता एस.पी. यादव, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चंद्र सहित आरेडिका महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, चिकित्सालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top