हाथरस। जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा 28 फरवरी को प्रातः 10 बजे से सेठ फूलचंद बागला पीजी कॉलेज, हाथरस में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में लगभग 15 कंपनियां प्रतिभाग करेंगी, जिनमें करीब 350 रिक्त पदों पर लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया जाएगा। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एवं आईटीआई उत्तीर्ण 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए सेवायोजन पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य होगा। पंजीकरण हेतु अभ्यर्थियों को पोर्टल पर जाकर संबंधित विकल्प का चयन कर ओटीपी सत्यापन के बाद अपना व्यक्तिगत एवं शैक्षिक विवरण भरना होगा तथा आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। सफल पंजीकरण के उपरांत प्राप्त रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ अभ्यर्थी रोजगार मेले में सम्मिलित हो सकेंगे। साक्षात्कार में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की प्रतिलिपियां, दो पासपोर्ट साइज फोटो एवं बायोडाटा साथ लाना अनिवार्य होगा।




