फिरोजाबाद। नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जलकल विभाग परिसर में निर्माणाधीन टाउन हॉल, वर्किंग वूमेन हॉस्टल, गांधी पार्क के पीछे स्थित सीनियर केयर सेंटर, भारत माता पार्क, रामलीला मैदान, पारसनाथ पार्क, सुभाष चौराहा, नगला भाऊ चौराहा तथा मीरा ग्लास चौराहा सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने टाउन हॉल एवं वर्किंग वूमेन हॉस्टल का कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने, सीनियर केयर सेंटर के संचालन को सुचारु रूप से प्रारंभ करने, प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण तथा भारत माता पार्क में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त निहाल चंद्र भी उपस्थित रहे।





