फिरोजाबाद। जनपद के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में बाल उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडेय ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर किया। बाल उत्सव के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने मंच पर अपने जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों पर विचार साझा किए। विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं सृजनात्मक चित्रकला के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मीना मंच से संबंधित सुंदर छायाचित्र, मॉडल एवं शैक्षिक गतिविधियों पर आधारित आकर्षक पेंटिंग भी छात्राओं द्वारा प्रस्तुत की गईं। अतिथियों ने पेंटिंग और प्रस्तुतियों का अवलोकन कर विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला स्तरीय पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 विद्यार्थियों का चयन मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित विद्यार्थियों में अनुष्का, पलक, शालिनी, खनक, प्रतिज्ञा, प्रियांशी कुमारी चौहान, गौरव, निशा, सौम्या शर्मा एवं रश्मि शामिल हैं।
इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर्स मनीषा रानी, सीमा रानी निमेष, कौशलेन्द्र कुमार, मृदुल पाराशर, दीपमाला एवं रजनी को सम्मानित किया गया।





