रायबरेली। प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति और जनपद में कानून-व्यवस्था की स्थिति की गहन समीक्षा की। बैठक में प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सर्वे में कोई पात्र लाभार्थी छूट न जाए। निराक्षित गोवंश की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी निराश्रित गोवंशों को आश्रय दिलाने, गोशालाओं में हरे चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने और आवश्यकता अनुसार गोवंश आश्रय स्थल का निर्माण कराने के निर्देश दिए। गोवंश सहभागिता योजना के अंतर्गत लोगों को प्रेरित कर अधिक से अधिक गोवंश सुपुर्द कराए जाने का निर्देश भी दिया गया।
आयुष्मान कार्ड की समीक्षा में उन्होंने शतप्रतिशत पात्र लाभार्थियों के लिए कार्ड बनवाने और किसानों को सिंचाई हेतु नहरों में पानी टेल तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, किसानों की सुविधा के लिए विद्युत आपूर्ति को रोस्टर के अनुसार सुनिश्चित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में जले हुए ट्रांसफार्मर को 24–48 घंटे में रिप्लेस कराने, तथा लोक निर्माण विभाग के तहत सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को वित्तीय वर्ष में शेष समय का पूर्ण उपयोग कर लक्ष्यों की शतप्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने और निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सभी त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के लिए व्यापक प्रबंध करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अशोक कुमार विधायक सलोन, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, डीएफओ प्रखर मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चन्द्रा, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा सहित सभी संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।





