हाथरस। स्कूलों के आसपास मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज और पटाखे जैसी ध्वनि निकालकर अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ थाना हाथरस गेट पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि स्कूलों की छुट्टी के समय कुछ युवक तेज आवाज कर बच्चों और अभिभावकों को परेशान कर रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में टीम गठित कर स्कूलों के आसपास चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान 8 मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगे पाए गए। सभी वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। इसके साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए सख्त हिदायत दी गई और आमजन को भी नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।




