• Home
  • कानपुर नगर
  • शहर के सभी स्टेशनों पर मनाया गया स्टेशन मास्टर दिवस

शहर के सभी स्टेशनों पर मनाया गया स्टेशन मास्टर दिवस

कानपुर। ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन (AISMA) के बैनर तले बुधवार को चंदारी, चकेरी, कानपुर सेंट्रल, पनकी, अनवरगंज, गोविंदपुरी सहित शहर के सभी रेलवे स्टेशनों पर स्टेशन मास्टरों ने स्टेशन मास्टर दिवस मनाया। इस अवसर पर स्टेशन मास्टरों ने विभिन्न विद्यालयों में निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया। स्टेशन अधीक्षक चंदारी विनोद कुमार ने बताया कि पूरे देश में 25 फरवरी को स्टेशन मास्टर दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर AISMA प्रयागराज मण्डल द्वारा मण्डल अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों में “2047 में विकसित भारत निर्माण में भारतीय रेल और स्टेशन मास्टर की भूमिका” विषय पर निबंध और “स्वच्छ भारत निर्माण में भारतीय रेल और स्टेशन मास्टर की भूमिका” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

स्टेशन अधीक्षक चंदारी विनोद कुमार और स्टेशन मास्टर रौशन कुमार ने अन्य रेल कर्मियों के साथ वृक्षारोपण किया। स्टेशन मास्टर चकेरी और मण्डल उप सचिव दीपक कुशवाहा ने बताया कि संगठन द्वारा मण्डल के सभी स्टेशनों पर प्रतियोगिताओं और वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ भारतीय रेल और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना एवं भारत के उज्ज्वल भविष्य निर्माण से विद्यार्थियों को अवगत कराना है।

AISMA मण्डल सचिव ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि कानपुर नगर से 5 प्राथमिक और जूनियर विद्यालयों के 80 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को 8 मार्च को संगठन द्वारा मेडल, ट्रॉफी, पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक विद्यालय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top