मिलावटी खोआ का लिया नमूना, जांच को भेजा

मिलावटी खोआ का नूमना लेती खाद्य विभाग की टीम

फिरोजाबाद। होली पर्व के मद्देनज़र खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। सहायक आयुक्त खाद्य के नेतृत्व में गठित टीमों ने विभिन्न स्थानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए मिलावटी खोए के नमूने संकलित कर जांच के लिए भेजे। सहायक आयुक्त चंदन पांडे ने बताया कि जिलाधिकारी रमेश रंजन के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। टीम ने सांथी रोड सैलई स्थित कौशिकी स्वीट पर छापा मारकर 20 किलो खोआ एवं 24 किलो कलाकंद नष्ट कराया। इसके अलावा नगला शेख में जितेंद्र के खोआ गोदाम से नमूना लिया गया।

थाना लाइनपार क्षेत्र के मोहल्ला स्वरूप नगर स्थित नत्थीलाल स्वीट की दुकान से भी खोए का नमूना संकलित किया गया। वहीं टूंडला स्थित बांके बिहारी स्वीट से मिलावटी खोए का नमूना लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। सहायक आयुक्त ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री से आमजन की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top