फिरोजाबाद। नगर में बालगृह के निर्माण कार्य का भूमि पूजन केंद्रीय मंत्री (बाल विकास एवं पुष्टाहार) बेबी रानी मौर्य ने सदर विधायक मनीष असीजा के साथ विधि-विधान से किया। बालगृह निर्माण की मांग पिछले आठ वर्षों से की जा रही थी, जिसे अब भूमि पूजन के साथ साकार रूप दिया गया है। भूमि पूजन के अवसर पर कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बताया कि नवीन बालगृह का निर्माण सैलई रोड स्थित गांव सांथी में 14.5 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। इसके लिए पांच करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है।
सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि लगभग आठ वर्षों से लंबित बालगृह निर्माण की बाधाएं दूर कर गुरुवार को विधिवत भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य की नींव रखी गई है। उन्होंने बताया कि 14.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस बालगृह में प्रथम एवं द्वितीय तल पर 100 बच्चों के रहने हेतु हॉल बनाए जाएंगे। दोनों तल पर 20 शौचालय और 20 बाथरूम की व्यवस्था होगी। इसके अतिरिक्त साइकोलॉजी ऑफिस, किचन, डाइनिंग हॉल, पेशेंट रूम, काउंसलिंग रूम, क्लास रूम, मेडिएशन रूम, मल्टीपरपज हॉल, कंप्यूटर रूम तथा लाइब्रेरी का निर्माण भी कराया जाएगा।
कार्यक्रम में महापौर कामिनी राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, भगवानदास शंखवार, योगेंद्र बाबा, सोबरन जाटव, मोनू जाटव, रोमी सागर, राकेश गौतम, के.के. गांधी, डीपीओ मिथलेश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





