• Home
  • कानपुर नगर
  • मेट्रो निर्माण में सड़क संकरी करने के विरोध में विधायक ने उठाई आवाज, मुख्यमंत्री को सौंपेंगे मांग पत्र

मेट्रो निर्माण में सड़क संकरी करने के विरोध में विधायक ने उठाई आवाज, मुख्यमंत्री को सौंपेंगे मांग पत्र

कानपुर। शहर में चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान सड़क की चौड़ाई कम किए जाने को लेकर स्थानीय जनता की चिंताओं को देखते हुए विधायक सुरेंद्र मैथानी ने इसका विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर वह माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कानपुर आगमन पर उन्हें मांग पत्र सौंपेंगे। विधायक ने बताया कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में मेट्रो का रूट रावतपुर से डबल पुलिया तक अंडरग्राउंड है, जबकि डबल पुलिया से आगे मेट्रो पिलरों के सहारे ऊपर से गुजर रही है। डबल पुलिया से रामगोपाल चौराहा तक मेट्रो कॉरिडोर के नीचे पिलर-टू-पिलर ग्रीन बेल्ट का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डबल पुलिया से शास्त्री चौक तक पिलर की चौड़ाई के बराबर ही ग्रीन बेल्ट बनाई जा रही है और शेष स्थान सड़क को चौड़ा करके जनता के आवागमन के लिए दिया गया है, जैसा कि रावतपुर स्टेशन के सामने किया गया है।

लेकिन शास्त्री चौक से बाईपास तक लगभग एक किलोमीटर के हिस्से में सड़क की चौड़ाई कम कर दी गई है। यहां पिलरों से दोनों ओर 24-24 फुट यानी कुल 48 फुट चौड़ी ग्रीन बेल्ट बनाई जा रही है, जिससे सड़क तीन लेन के बजाय एक-एक लेन की रह जाएगी। विधायक के अनुसार, पिलर की गोलाई मात्र 7 फुट है, इसलिए ग्रीन बेल्ट भी उसी चौड़ाई तक सीमित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सड़क को इस प्रकार संकरा किया गया तो भविष्य में यातायात की बड़ी समस्या पैदा होगी और क्षेत्र की जनता को भीषण जाम का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने इसे अनावश्यक रूप से जमीन को ग्रीन बेल्ट में समेटने की योजना बताते हुए कहा कि यह जनता के साथ अन्याय है।

विधायक ने मांग की कि जिस प्रकार डबल पुलिया से शास्त्री चौक तक पिलर की चौड़ाई के बराबर ग्रीन बेल्ट बनाकर सड़क को तीन-तीन लेन में विकसित किया गया है, उसी प्रकार शास्त्री चौक से बाईपास तक भी सड़क को तीन लेन एक तरफ और तीन लेन दूसरी तरफ बनाया जाए तथा ग्रीन बेल्ट को 7 फुट के दायरे में ही सीमित रखा जाए। उन्होंने बताया कि इस मार्ग से रोजाना डेढ़ लाख से अधिक लोग फैक्ट्रियों में काम करने के लिए साइकिल, मोटरसाइकिल और कार से आवागमन करते हैं। ऐसे में सड़क संकरी होने पर जाम की समस्या गंभीर हो सकती है। उन्होंने कहा कि दादा नगर का समानांतर पुल भी जनता को राहत देने के लिए बनाया गया है, इसलिए बीच में केवल एक किलोमीटर में सड़क को छोटा करना समझ से परे है।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि यदि सड़क चौड़ी बनाई जाती है तो यह कानपुर दक्षिण की बाईपास के दूसरी ओर रहने वाली लगभग 8 से 10 लाख की आबादी के लिए उत्तर और दक्षिण कानपुर के बीच आवागमन का जाम मुक्त मार्ग बन सकती है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर जनता की मांग के अनुसार मुख्यमंत्री से ग्रीन बेल्ट को पिलर की 7 फुट चौड़ाई तक सीमित रखने और सड़क को तीन-तीन लेन में विकसित करने की मांग की जाएगी। उक्त निरीक्षण के दौरान विधायक सुरेंद्र मैथानी के साथ मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, पार्षद देवेंद्र द्विवेदी, भाजपा जिला मंत्री विनय पटेल, रिंकू, दीपा द्विवेदी और सियाराम पाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top