• Home
  • आगरा
  • आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ‘साक्षी एक्सप्रेस’ रेल कोच रेस्टोरेंट का शुभारंभ

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ‘साक्षी एक्सप्रेस’ रेल कोच रेस्टोरेंट का शुभारंभ

आगरा / मथुरा। आगरा कैंट स्टेशन के समीप यात्रियों और आमजन को बेहतर खानपान सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘साक्षी एक्सप्रेस’ नाम से एक रेल कोच रेस्टोरेंट का शुभारंभ श्रीमती संध्या शर्मा द्वारा रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता, सहायक वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग संजय गौतम, सहायक वाणिज्य प्रबंधक माल भाड़ा संजीव कुमार और रेस्टोरेंट ऑनर लक्ष्मीकांत दीक्षित भी उपस्थित थे।

यह पहल मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आगरा श्री अंकित गुप्ता के निर्देशन में की गई है। यह रेस्टोरेंट पुराने रेलवे कोच को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित कर तैयार किया गया है, जिससे यात्रियों और शहरवासियों को रेलवे थीम पर आधारित एक अनूठा अनुभव प्राप्त होगा। यहां बैठकर लोग ट्रेन के कोच के वातावरण में भोजन का आनंद ले सकेंगे।

रेलवे प्रशासन द्वारा इस रेल कोच रेस्टोरेंट का आवंटन 12.82 लाख रुपये प्रतिवर्ष की दर से 05 वर्षों के लिए किया गया है, जिससे रेलवे को आगामी पांच वर्षों में लगभग 64 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। इस रेस्टोरेंट में यात्रियों और आम नागरिकों के लिए स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्नैक्स तथा पेय पदार्थों की व्यवस्था की गई है। आकर्षक इंटीरियर और रेलवे थीम इसे और भी खास बनाते हैं।

इस प्रकार की पहल से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण भी होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। यात्री और शहरवासी इस नई सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top