• Home
  • फिरोजाबाद
  • गंभीर रोगों और बीमारियों से मुक्ति दिलाती हैं मां शीतला — मनीष असीजा

गंभीर रोगों और बीमारियों से मुक्ति दिलाती हैं मां शीतला — मनीष असीजा

फिरोजाबाद। बासौड़ा पूजन के अवसर पर नगर के विभिन्न मां शीतला देवी मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने प्रातःकाल से ही मंदिरों में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कई स्थानों पर मेले का आयोजन भी किया गया, जहां महिलाओं, युवतियों और बच्चों ने खरीदारी का आनंद लिया तथा चाट-पकौड़ी का स्वाद लिया। लालपुर हजीरा स्थित प्राचीन मां शीतला माता मंदिर पर बासौड़ा पूजन के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ सदर विधायक मनीष असीजा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शीतला मैया के आशीर्वाद से मंदिर परिसर में अनेक मंदिर, धर्मशाला, बाउंड्रीवाल और कार्यालय का निर्माण हुआ है, जिससे परिसर की भव्यता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि शीतला माता की पूजा करने से गंभीर रोग और बीमारियां दूर होती हैं तथा भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

गौ सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने कहा कि शीतला माता आज भी इस पावन प्रांगण में विराजमान हैं और उनके चमत्कारों का अनुभव कई श्रद्धालुओं ने स्वयं किया है। समिति अध्यक्ष भुवनेश्वर एडवोकेट और सचिव रामनिवास यादव ने बताया कि माता के दर्शन के लिए आसपास के जिलों के अलावा अन्य प्रदेशों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में आते हैं। मां शीतला भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण कर उनके कष्टों का निवारण करती हैं। इस अवसर पर ब्रजेश कुमार, जशोदा वाई, थाना प्रभारी रसूलपुर प्रदीप कुमार, जयराम यादव, ग्याप्रसाद पप्पू, दाताराम यादव, शैलेन्द्र शुक्ला, जितेंद्र तिवारी सहित कई लोग मौजूद रहे।

नगर के रसूलपुर, मोहल्ला दुली, महावीर नगर और रामलीला मैदान स्थित शीतला माता मंदिरों पर भी सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए महिलाओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर छोटा होने के बावजूद महिलाएं घंटों लाइन में लगकर माता के दर्शन और पूजा करती रहीं। वहीं मोहल्ला दुली स्थित मोहनदेव माता मंदिर पर भी बासौड़ा पूजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस दौरान शैलेंद्र चतुर्वेदी और मंदिर महंत रामदास भारद्वाज ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top