मां भगवती पीतांबरा एवं मृत्युंजय महायज्ञ शुरू

फिरोजाबाद। नगर के बच्चू बाबा आश्रम में आयोजित मां भगवती पीतांबरा एवं मृत्युंजय महायज्ञ के दस दिवसीय महोत्सव के तीसरे दिन सोमवार से 1108 कुण्डीय महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। यज्ञाधीश रामदास महाराज ने सर्वप्रथम अपने धूना स्थल पर देवी-देवताओं का आव्हान करते हुए विधि-विधान से हवन-पूजन किया। इसके बाद प्रधान त्रिशूल को लेकर यज्ञ पंडाल में स्थापित किया गया। बताया जाता है कि जब महाराज श्री ने आकाश की ओर देखकर देवताओं का आव्हान किया, तो अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज धूप के बीच बादल छाने लगे और वातावरण अनुकूल हो गया। इसके पश्चात 1108 हवन कुण्डों में अग्नि प्रज्वलित कर विधिवत हवन प्रारंभ कराया गया।

महाराज श्री ने कहा कि यह आयोजन चंद्रनगर क्षेत्रवासियों के लिए कल्याणकारी एवं लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि महामाई की कृपा से नगर में इतने विशाल धार्मिक आयोजन का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि अन्य जनपदों की तरह चंद्रनगर में भी मां के भक्तों की संख्या अधिक है, जिसके कारण महायज्ञ का शुभारंभ अत्यंत भव्य और श्रद्धापूर्ण वातावरण में हुआ। महायज्ञ में यज्ञाचार्य पंडित विष्णु भारद्वाज के नेतृत्व में वेदपाठी आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top