• Home
  • फिरोजाबाद
  • युगों की तपस्या के बाद आज राम हमारे घर पधारे हैं

युगों की तपस्या के बाद आज राम हमारे घर पधारे हैं

सामौर बाबा महोत्सव में सजा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन

फिरोजाबाद। सिरसागंज के ग्राम करहरा स्थित प्रसिद्ध सामौर बाबा धाम पर चल रहे सात दिवसीय सामौर बाबा महोत्सव के अंतर्गत अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए कवियों ने देशभक्ति, राष्ट्रवाद, सामाजिक सरोकारों और हास्य-व्यंग्य से सजी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कभी देशभक्ति का जोश गूंजा तो कभी हास्य की फुहारों से पूरा परिसर ठहाकों से गूंज उठा। हास्य कवि सुनील जोगी ने अपनी व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। वहीं पद्मिनी शर्मा ने मां सरस्वती के मधुर भजन से कार्यक्रम का माहौल भक्तिमय बना दिया। वीर रस के प्रख्यात कवि राम भदावर ने अपने ओजपूर्ण काव्य पाठ से राष्ट्रभक्ति का जोश भर दिया। उन्होंने अपनी कविता में कहा,
“युगों की तपस्या के बाद आज राम हमारे घर पधारे हैं।
युगों-युगों बाद केवट फिर उनके चरण पखार रहा है,
समय एक बार फिर उनका दूत बनकर खड़ा है
और बाबर भी कब्र से निकलकर जय श्रीराम पुकार रहा है।”

इसके अलावा गौरव चौहान ने फाइनल मैच का जिक्र करते हुए देशभक्ति से ओतप्रोत पंक्तियां सुनाईं—
“ये जज्बा जंग लड़ने का रुक नहीं सकता,
कुर्बानियों का काफिला कभी थम नहीं सकता।
पाकिस्तान, न्यूजीलैंड या हो ऑस्ट्रेलिया,
जब तक जिस्म में जान है तिरंगा झुक नहीं सकता।”

कवयित्री योगिता चौहान ने हास्य की फुहार बिखेरते हुए पुलिस व्यवस्था पर चुटीला व्यंग्य सुनाया, जिसे सुनकर श्रोता ठहाके लगाने लगे। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा मिलती है। वहीं समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब गांव भी विकसित होंगे। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, सीडीओ शत्रोहन वैश्य सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top