रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार में राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्लांट परिसर में परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कामगारों ने सुरक्षा संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर भाग लिया। इस वर्ष की सुरक्षा थीम “सुरक्षा बढ़ाने के लिए लोगों को जोड़ें, शिक्षित करें और सशक्त करें” को केंद्र में रखते हुए संविदा श्रमिकों द्वारा “सुरक्षा बाबा” नाटक का मंचन किया गया, जो बेहद प्रेरणादायी रहा। परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह ने उपस्थित जनसमूह को सुरक्षा एवं स्वास्थ्य की शपथ दिलाई और अपील की कि सभी कर्मचारी कार्य करते समय सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, ताकि विद्युत गृह की शून्य दुर्घटना नीति को मजबूती मिल सके। इस दौरान सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया तथा सुरक्षा नाटक के कलाकारों का उत्साहवर्धन किया गया।
अपर महाप्रबंधक (सुरक्षा) जितेंद्र कुमार ने सभी का स्वागत किया और सुरक्षित विद्युत गृह बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया। वरिष्ठ प्रबंधक (सुरक्षा) राकेश कुमार साहू ने कार्यक्रम का संचालन किया। समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष बिस्वास, दिलीप कुमार साहू, एस.यू. हरिदास, अन्य विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के अध्यक्ष व महासचिव, प्रियदर्शिनी महिला क्लब की उपाध्यक्ष झूमिता बिस्वास, सचिव पूजा सहित बड़ी संख्या में एनटीपीसी कर्मचारी और संविदा श्रमिक उपस्थित रहे।










