• Home
  • रायबरेली
  • बीडीसी सदस्यों ने डीएम से की बैठक निरस्त करने की मांग

बीडीसी सदस्यों ने डीएम से की बैठक निरस्त करने की मांग

ऊंचाहार, रायबरेली। ऊंचाहार क्षेत्र के करीब चार दर्जन क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) सदस्यों ने मंगलवार को जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर सोमवार को संपन्न हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक को निरस्त करने की मांग की। सदस्यों ने आरोप लगाया कि निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए और बड़ी संख्या में सदस्यों की अनुपस्थिति के बावजूद प्रस्ताव पारित कर दिए गए, जो अलोकतांत्रिक है। गौरतलब है कि सोमवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक के दौरान काफी हंगामा हुआ था। इस मामले को लेकर मंगलवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे और एक प्रार्थना पत्र सौंपा।

सदस्यों का कहना है कि नियमानुसार क्षेत्र पंचायत सदस्यों को बैठक की सूचना 15 दिन पहले दी जानी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसके कारण कई सदस्यों को समय पर बैठक की जानकारी नहीं मिल सकी और वे बैठक में शामिल नहीं हो पाए। सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि ब्लॉक प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव का मामला उच्च न्यायालय में लंबित है, इसके बावजूद वे लगातार वित्तीय और प्रशासनिक कार्य कर रहे हैं। उनका कहना है कि नियम के अनुसार जब तक उच्च न्यायालय द्वारा कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं दी जाती, तब तक उन्हें इन अधिकारों से वंचित रखा जाना चाहिए।

बीडीसी सदस्यों ने सोमवार को हुई बैठक को निरस्त कर पुनः बैठक बुलाने की मांग की है। शिकायती पत्र देने वालों में अभिलाष चंद्र कौशल, राजा जितेंद्र सिंह अरखा, राजू सोनी, ज्ञानेंद्र, अरविंद शर्मा, विकास श्रीवास्तव, गुड्डन यादव, राजेंद्र यादव, विजय बहादुर, गजाधर पासी, संदीप पटेल, अमरेश पासी, लाल बहादुर, मुकेश, राम मनोहर, अनामिका, सुनील कुमार, भोला, राजू, विजय कुमार, उमेश, इंद्रपाल और संजय सहित कई क्षेत्र पंचायत सदस्य शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top