फिरोजाबाद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में जनपद न्यायाधीश के निर्देशन में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के सचिव योगेश शिवा ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं का सशक्तिकरण तभी संभव है जब वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों। शिक्षा, आत्मविश्वास और विधिक जानकारी महिलाओं को समाज में सम्मानजनक और सशक्त स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ उठाने की जानकारी दी। साथ ही छात्राओं और विद्यालय परिवार को आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली लोक अदालत के बारे में भी अवगत कराया। इस दौरान रीमा यादव सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।





