फिरोजाबाद। नगर में संचालित जैन पाठशालाओं का वार्षिक अधिवेशन, परीक्षाफल एवं पुरस्कार वितरण समारोह भगवान आदिनाथ के जन्मकल्याणक के अवसर पर 12 मार्च को सेठ छदामीलाल जैन मंदिर में जैन मुनियों के सानिध्य में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत भव्य रथयात्रा भी निकाली जाएगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष विनोद जैन मिलेनियम ने बताया कि आचार्य निर्भय सागर महाराज की प्रेरणा से जैन मुनि अमित सागर के शिष्य शिवदत्त सागर और पदमदत्त सागर के सानिध्य में कार्यक्रम का शुभारंभ रथयात्रा के साथ होगा। रथयात्रा प्रातः सात बजे सदर बाजार स्थित अट्टावाला मंदिर से निकाली जाएगी, जिसका शुभारंभ महापौर कामिनी राठौर करेंगी।
सेठ छदामीलाल जैन मंदिर में झंडारोहण अतुल जैन द्वारा तथा पंडाल का उद्घाटन महावीर जैन मुन्नाबाबू द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में मंगलाचरण सहित विभिन्न धार्मिक क्रियाएं संपन्न होंगी। इस अवसर पर निर्भय सागर दिगंबर जैन की 17 पाठशालाओं का परीक्षाफल घोषित किया जाएगा तथा प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक संयय जैन बल्ले और राहुल जैन सिटीजन बनाए गए हैं, जबकि रथयात्रा संयोजक संजीव जैन एड और मनोज जैन दद्दा होंगे। प्रशासनिक संयोजक की जिम्मेदारी चंद्र प्रकाश जैन को दी गई है।
कार्यक्रम के दौरान पाठशालाओं के बच्चों द्वारा भगवान आदिनाथ के जन्मकल्याणक पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी दी जाएगी। वार्ता के दौरान अजय जैन एड, ललितेश जैन, अरुण जैन पीली कोठी, मुकेश जैन, अमित जैन, मनोज जैन, प्रमोद सोनल, राजेंद्र प्रसाद जैन राजू, संभव प्रकाश जैन, सुधीर जैन, रीतेश जैन और अजय जैन बजाज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





