फिरोजाबाद। सिरसागंज क्षेत्र के गांव करहरा स्थित सामौर बाबा धाम में चल रहे महोत्सव में भगवान शिव को समर्पित प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने नृत्य, संगीत और भजनों के माध्यम से ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि पूरा परिसर शिव भक्ति में डूब गया। महोत्सव में वाराणसी से आई दिव्या श्रीवास्तव की टीम ने शिव नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। कलाकारों ने भगवान शिव के जीवन प्रसंगों और उनकी दिव्य लीलाओं को नृत्य और अभिनय के जरिए मंच पर जीवंत कर दिया। आकर्षक वेशभूषा, प्रभावशाली मंच सज्जा और भावपूर्ण अभिनय ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया।
प्रयागराज से आए रुद्राक्ष बैंड ने अपने भक्तिमय गीतों और शिव भजनों से पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया। बैंड की प्रस्तुति के दौरान श्रद्धालु भी भजनों की धुन पर झूमते नजर आए और माहौल पूरी तरह शिव भक्ति में रंग गया। वहीं उत्तराखंड के नाद समूह ने डमरू की ताल पर शिव डमरू नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। कलाकारों की ऊर्जा और प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं की खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ, पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा शैलेश कुमार पांडेय, एसएसपी सौरभ दीक्षित तथा जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





