हाथरस। उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा 14 और 15 मार्च को दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता परीक्षा को नकलविहीन और सुव्यवस्थित ढंग से कराना है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रकाश, पेयजल, पर्याप्त फर्नीचर, स्वच्छ शौचालय, सीसीटीवी कैमरे तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेनबसेरों की व्यवस्था करने तथा प्रमुख चौराहों पर रूट चार्ट लगाने के भी निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने और मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने को कहा गया। बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 3360 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जबकि दो दिनों में चार पालियों के दौरान कुल 13,440 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी पुलिस, ट्रैफिक पुलिस अधिकारी, थानाध्यक्ष तथा परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।





