• Home
  • कानपुर देहात
  • अतिरिक्त मिट्टी खनन पर 2.51 लाख का जुर्माना, अवैध परिवहन पर 190 लाख की वसूली

अतिरिक्त मिट्टी खनन पर 2.51 लाख का जुर्माना, अवैध परिवहन पर 190 लाख की वसूली

कानपुर देहात। जनपद में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। खान अधिकारी ने बताया कि तहसील सिकंदरा के ग्राम गौहानी कछार में स्वीकृत साधारण मिट्टी खनन अनुज्ञा की संयुक्त जांच उपजिलाधिकारी सिकंदरा और खान अधिकारी की टीम द्वारा 27 फरवरी 2026 को की गई।

जांच के दौरान पाया गया कि श्रीमती शालिनी तिवारी पत्नी राहुल तिवारी, निवासी ग्राम शहबदिया पोस्ट इकौरापुर जनपद औरेया के पक्ष में 10,240 घनमीटर साधारण मिट्टी खनन की अनुमति स्वीकृत थी, लेकिन मौके पर 14,268.29 घनमीटर मिट्टी का खनन और परिवहन किया गया। इस प्रकार 4,028.29 घनमीटर अतिरिक्त साधारण मिट्टी का खनन पाया गया। साथ ही कुछ स्थानों पर स्वीकृत गहराई से अधिक गहराई तक खनन किए जाने की भी पुष्टि हुई।

इस पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी कानपुर देहात द्वारा 2,51,414.50 रुपये की राजस्व क्षति की धनराशि आरोपित करते हुए नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा फरवरी 2026 तक अवैध परिवहन के मामलों में गठित टास्कफोर्स ने कार्रवाई करते हुए कुल 190 लाख रुपये अर्थदंड की वसूली कर उसे राजकोष में जमा कराया है।

खनन विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में फरवरी 2026 तक कुल 3,799.64 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जो पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के फरवरी तक प्राप्त 3,395.15 लाख रुपये के राजस्व से 404.49 लाख रुपये अधिक है। जिलाधिकारी कानपुर देहात के निर्देशन में जनपद में अवैध खनन और परिवहन पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है तथा गठित टास्कफोर्स द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top