• Home
  • हाथरस
  • गैस की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का हंगामा, एजेंसियों पर सुबह से लंबी कतारें

गैस की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का हंगामा, एजेंसियों पर सुबह से लंबी कतारें

हाथरस। जनपद में रसोई गैस की किल्लत के चलते उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस बुकिंग होने के बावजूद लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर भारी भीड़ के चलते गैस एजेंसी बंद कर दी गई, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।

बताया जा रहा है कि गैस की कमी के कारण उपभोक्ता एजेंसियों के बाहर घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। कई लोग सुबह 7 बजे से ही गैस एजेंसी पर कतार में लग जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी पर गैस होने के बावजूद भी उन्हें सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है।

कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी संचालक सिलेंडर की कालाबाजारी कर रहे हैं, जिसके कारण आम लोगों को गैस नहीं मिल पा रही है। लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर के लिए उनसे 2000 रुपये तक की मांग की जा रही है।

वहीं गैस एजेंसी में कार्यरत कर्मचारियों का कहना है कि ऊपर से सर्वर की समस्या और सप्लाई में कमी के कारण उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराने में दिक्कत हो रही है। कर्मचारियों के अनुसार गैस की नियमित सप्लाई न होने के कारण स्थिति बिगड़ गई है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि एक ओर सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को गैस कनेक्शन उपलब्ध करा रही है, वहीं दूसरी ओर गैस की किल्लत के कारण आम लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लोगों का आक्रोश और बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top