फिरोजाबाद। जनपद में पुलिस उपनिरीक्षक परीक्षा छह परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 3840 अभ्यर्थियों में से 2810 ने परीक्षा दी, जबकि दोनों पालियों में 1030 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा केंद्रों का जिलाधिकारी रमेंश रंजन, एसएसपी सौरभ दीक्षित और डीआईओएस धीरेंद्र कुमार ने संघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिले के छह परीक्षा केंद्र थे – एस.आर.के. इंटर कॉलेज, सीएल जैन कॉलेज, दाऊदयाल कॉलेज, एमजी डिग्री व इंटर कॉलेज, और राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज।
पहले दिन प्रथम पाली में 1920 में से 1369 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 551 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 1920 में से 1441 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 479 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में परीक्षा शांति पूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। डीएम ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए केंद्र व्यवस्थापकों को कड़े निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। अधिकारियों ने परीक्षा कक्ष में प्रकाश, सीसीटीवी निगरानी और अभ्यर्थियों के लिए पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी भी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विशेष ड्यूटी दी गई थी। सभी जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा की निगरानी कर रहे थे।





