• Home
  • फिरोजाबाद
  • दुकानदार की भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या, हत्यारे फरार

दुकानदार की भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या, हत्यारे फरार

फिरोजाबाद। लकड़ी के खोखे में सो रहे एक दुकानदार की अज्ञात हमलावरों ने सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे शव को दुकान में ही छोड़कर फरार हो गए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह उस समय हुई जब मृतक का बेटा दुकान पर पहुंचा। पिता का खून से लथपथ शव देखकर वह चीख पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हत्या के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया है।

थाना टूंडला क्षेत्र के गांव उलाऊ निवासी 45 वर्षीय तेजपाल सिंह ने आठ मार्च को हाईवे पर जरौली कट के पास चाय और समोसे की दुकान खोली थी। वह रात में उसी दुकान पर सोता था। रविवार रात तेजपाल घर से खाना खाकर दुकान पर सोने आया था। देर रात अज्ञात हमलावरों ने उसके सिर पर किसी ठोस वस्तु से वार कर उसकी हत्या कर दी।

सोमवार सुबह करीब छह बजे उसका पुत्र कुलदीप समोसे की चटनी लेकर दुकान पर पहुंचा। वहां उसने देखा कि उसके पिता का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ है। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया, थाना प्रभारी टूंडला अनिल कुमार, थानाध्यक्ष पचोखरा अमित तौमर और थानाध्यक्ष नारखी राकेश कुमार गिरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार हमलावरों ने सोते समय पीछे से भारी वस्तु से वार कर तेजपाल की बेरहमी से हत्या की है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही है। मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top