हाथरस। जनपद के महिला थाना में एक पारिवारिक विवाद को संवेदनशीलता और सूझबूझ के साथ काउंसलिंग के माध्यम से शांतिपूर्ण तरीके से सुलझा लिया गया। कोतवाली गेट क्षेत्र के गांव किंदौली निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री के वैवाहिक जीवन में उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर महिला थाना में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आवेदिका के पति और ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट करते हैं, गाली-गलौज करते हैं और अभद्र भाषा का प्रयोग कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला थाना प्रभारी ऋतु तोमर के निर्देशन में दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया, जहां विस्तृत काउंसलिंग की गई। इस दौरान दोनों पक्षों की बातों को धैर्यपूर्वक सुना गया और आपसी विवाद के कारणों को समझते हुए समाधान निकालने का प्रयास किया गया। काउंसलिंग के दौरान पति और ससुराल पक्ष ने भविष्य में किसी भी प्रकार की मारपीट या अभद्र व्यवहार न करने का आश्वासन दिया। वहीं महिला पक्ष ने भी रिश्ते को सुधारने की सहमति जताई।
दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनने के बाद किसी भी पक्ष ने पुलिस कार्रवाई की अपेक्षा नहीं जताई। इसके बाद महिला थाना पुलिस ने मामले को आपसी समझौते के आधार पर निस्तारित कर दिया। महिला थाना प्रभारी ऋतु तोमर ने बताया कि पारिवारिक मामलों में काउंसलिंग के माध्यम से समाधान निकालना प्राथमिकता होती है, जिससे परिवार टूटने से बच सके और समाज में समरसता बनी रहे।



