फिरोजाबाद। एसएसपी के निर्देशन में यातायात विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 978 वाहनों का चालान किया गया, जबकि दो वाहनों को सीज किया गया। इनमें एक बुलेट मोटरसाइकिल भी शामिल है। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद के निर्देशन में सीओ यातायात तेजस त्रिपाठी के नेतृत्व में यातायात प्रभारी महेश सिंह ने टीम के साथ जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर वाहन चेकिंग अभियान चलाकर 978 वाहनों का चालान किया। इस दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल सहित दो वाहनों को सीज किया गया। बताया गया कि बुलेट मोटरसाइकिल के स्वामी ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगा रखा था, जिससे वह विभिन्न प्रकार की तेज आवाजें निकाल रहा था। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग करने की अपील की है।





