फिरोजाबाद। समाज कल्याण विभाग द्वारा गुरुवार को चर्चित फाउंडेशन के सहयोग से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत जागरूकता एवं सामुदायिक जुड़ाव के लिए छह दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। पुलिस लाइन दबरई स्थित नवीन यातायात कार्यालय पुलिस कैंपस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर ज्वाइंट पुलिस अधीक्षक एएसपी आईपीएस राजेश गुनावत, यातायात प्रभारी निरीक्षक महेश चंद, हेड कॉन्स्टेबल सुनील कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी कृष्ण मोहन सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सुनीता पाल, पूर्व प्रधानाध्यापक सियाराम शरण और प्रेम प्रकाश कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों व पुलिस कर्मियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में रेड टेप मूवमेंट के माध्यम से भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न पीढ़ियों के बीच भावनात्मक संबंधों को मजबूत करना और सक्रिय बुढ़ापे को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक अनुभव, परंपरा और मूल्यों के संरक्षक होने के साथ-साथ राष्ट्र की अमूल्य शक्ति हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग का उद्देश्य समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के मोतियाबिंद के नि:शुल्क ऑपरेशन इसी माह कराए जाएंगे। इसके साथ ही ब्लड प्रेशर, शुगर, ऑर्थराइटिस और डिमेंशिया जैसी बीमारियों के उपचार और दवाइयों की भी व्यवस्था की जाएगी। इच्छुक वरिष्ठ नागरिक विभाग में अपना पंजीकरण कराकर इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।





