• Home
  • फिरोजाबाद
  • घरेलू गैस की कालाबाजारी पर लाइसेंस होंगे रद्द: डीएम

घरेलू गैस की कालाबाजारी पर लाइसेंस होंगे रद्द: डीएम

फिरोजाबाद। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने जनपद के सभी गैस एजेंसी स्वामियों के साथ बैठक कर घरेलू गैस की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी गैस एजेंसी की कालाबाजारी में संलिप्तता पाई गई तो उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया जाएगा। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों के बाहर आम नागरिकों की लंबी लाइनें किसी भी स्थिति में नहीं लगनी चाहिए। उपभोक्ताओं को सुचारू और समयबद्ध तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना एजेंसी मालिकों की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के पास पीएनजी (पाइप नेचुरल गैस) के कनेक्शन हैं, उनकी भी सघन जांच की जाए। यदि ऐसे उपभोक्ता अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडर का उपयोग करते पाए गए तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों के रजिस्टर से प्रतिदिन रैंडम आधार पर 50 उपभोक्ताओं को फोन कर फीडबैक लिया जाए। इसके माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि गैस सही उपभोक्ता तक पहुंच रही है या नहीं और वितरण में कोई अनियमितता तो नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि जिले में गैस की कालाबाजारी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सभी एजेंसियों में इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विशु राजा सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top