रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) रायबरेली में विश्व महिला दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 17 मार्च को आरेडिका महिला कल्याण संगठन की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर कारखाने में कार्यरत महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आरेडिका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा डॉ. अंजना खरे ने कारखाने में कार्य करने वाली महिलाओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर डॉ. अंजना खरे ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं ने कारखाना परिसर का दौरा भी किया। उन्होंने वहां बन रहे रेल कोचों का अवलोकन किया और कारखाने में कार्यरत महिला कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की सचिव बॉबी जिंदल, मधु मीना, संतोषी, अनुपमा कपूर, सुनीता शुक्ला, बीना तिवारी, रमा पाल सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।










