• Home
  • रायबरेली
  • कैंसर पीड़ित भाई के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता की गुहार

कैंसर पीड़ित भाई के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता की गुहार

रायबरेली। गंभीर बीमारी से जूझ रहे अपने बड़े भाई के इलाज के लिए एक युवक ने क्षेत्रीय विधायक से आर्थिक मदद दिलाने की अपील की है। रायबरेली जिले के ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र निवासी पवन कुमार गुप्ता, जो पेशे से पत्रकार हैं, ने बताया कि उनके बड़े भाई सतीश कुमार को डॉक्टरों ने मुँह का कैंसर बताया है। उन्होंने बताया कि पहले कई स्थानों पर इलाज कराया गया, लेकिन कोई खास लाभ नहीं हुआ। हालत अधिक गंभीर होने पर उन्हें राजधानी लखनऊ के टेंडर पाम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका ऑपरेशन किया जाना है।

डॉक्टरों के अनुसार ऑपरेशन में लगभग पांच लाख रुपये का खर्च आएगा। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं है कि इतना बड़ा खर्च उठा सके। पवन कुमार गुप्ता ने बताया कि अब तक भाई के इलाज में काफी धन खर्च हो चुका है, जिससे परिवार आर्थिक रूप से परेशान हो गया है। इसी कारण उन्होंने अपने बड़े भाई के इलाज के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक ऊंचाहार डॉ. मनोज कुमार पांडेय से मुलाकात कर उन्हें प्रार्थना पत्र सौंपा।

इस दौरान विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनके भाई के इलाज में किसी प्रकार की अड़चन नहीं आने दी जाएगी और मुख्यमंत्री राहत कोष से जल्द से जल्द आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बेहतर इलाज के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top