• Home
  • रायबरेली
  • भाजपा नेता के नेतृत्व में ऊंचाहार नगर की क्रॉसिंग पर अंडरपास का निर्माण शुरू

भाजपा नेता के नेतृत्व में ऊंचाहार नगर की क्रॉसिंग पर अंडरपास का निर्माण शुरू

ऊंचाहार, रायबरेली। क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। नगर और क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चल रही मांग अब पूरी होने जा रही है। नगर की पुरानी रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास के निर्माण का कार्य शनिवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल के नेतृत्व में शुरू हुआ। इस दौरान निर्माण एजेंसी के लोग भी मौजूद रहे। ज्ञात हो कि ऊंचाहार नगर की पुरानी रेलवे क्रॉसिंग बंद हो जाने के कारण न केवल नगर के लोगों अपितु क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से आसपास के सैकड़ों दुकानदारों का रोजगार प्रभावित था और स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को रेलवे लाइन पार करते समय जान का जोखिम उठाना पड़ता था।

इस संबंध में क्षेत्र के लोगों की मांग को देखते हुए विधायक व पूर्व मंत्री डॉ. मनोज पांडेय ने रेल मंत्री से मुलाकात की और यहां अंडरपास बनाए जाने की मांग रखी। इसके बाद रेलवे ने अंडरपास निर्माण का निर्णय लिया। अंडरपास निर्माण का शिलान्यास करीब छह माह पूर्व किया गया था, किंतु लंबे समय तक काम न शुरू हो पाने के कारण लोगों में तमाम तरह की आशंकाएं उत्पन्न हो गई थीं। इस बीच भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने रेलवे अधिकारियों से बात की। शनिवार को उन्होंने रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन अधीक्षक विनोद त्रिपाठ के साथ मिलकर रेलवे अधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद मौके पर निर्माण एजेंसी के लोग पहुंचे और निर्माण कार्य का औपचारिक रूप से शुभारंभ किया। भाजपा नेता ने बताया कि यह निर्माण कार्य बहुत तेजी के साथ किया जाए और छह माह के अंदर अंडरपास बनकर तैयार हो जाएगा। इस अवसर पर सतीश मिश्रा, चंद्रिका प्रसाद, गुड्डू यादव, मोहम्मद चिक्कन, बब्बू मौर्य, रमेश, इमरान खान, मोहम्मद असलम, बबलू, उमेश आदि उपस्थित थे। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद नगर के लोगों ने खुशी जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top