फिरोजाबाद। चैत्र नवरात्र महोत्सव के तीसरे दिन घरों व देवी मंदिरों में आदि शक्ति के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की विधि-विधान से आराधना की गई। देवी मंदिरों में प्रातः से ही मंगला दर्शन करने वाले भक्तों का तांता लगा रहा। सुहाग नगरी में नवरात्र महोत्सव के तहत शनिवार को देवी मंदिरों व घरों में आदि शक्ति के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मां राजराजेश्वरी कैला देवी मंदिर में मंगला दर्शन के दौरान भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने मां कैला-चामुंडा के दर्शन कर मन्नौतियां मांगीं। वहीं उसायनी स्थित वैष्णो देवी धाम में भोर होते ही मंगला दर्शन के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। मंदिर में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर मां भगवती की आराधना करते हुए जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की।
वहीं पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। नगर के मातावाला बाग स्थित पथवारी माता मंदिर, नगरकोट मंदिर, चौरासी घंटा मंदिर, मां शीतला देवी मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में सुबह से लेकर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। वहीं कैला देवी मंदिर और वैष्णो देवी मंदिर पर नेजा चढ़ाने वालों की धूम रही। देवी भजनों पर भक्तगण नृत्य करते दिखाई दिए।





