➤ डीएम और एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, मौके पर किया निस्तारण
हाथरस। सासनी तहसील सभागार में सोमवार को तहसील स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से की। समाधान दिवस के दौरान कुल आठ शिकायतें दर्ज की गईं, जिन्हें संबंधित विभागों के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सौंप दिया गया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जनशिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा में पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित एवं मौके पर समाधान कर उन्हें राहत प्रदान करना है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों को सुनते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करें। प्राप्त शिकायतों में अधिकांश मामले राजस्व विभाग एवं भूमि विवाद से संबंधित रहे। इस अवसर पर एसडीएम नीरज शर्मा, तहसीलदार डॉली यादव सहित तहसील स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





