हाथरस। गांव बरसै में 23 मार्च को पिस्टल लगने से घायल हुए युवक रंजीत की उपचार के दौरान आगरा में मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को परिजनों को सौंप दिया। देर शाम गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के अनुसार, रामवीर सिंह का 26 वर्षीय पुत्र रंजीत घर से बाहर स्थित एक दुकान पर कोल्डड्रिंक पीने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वहां पहले से दो युवक बैठे थे, जिनमें से एक के पास पिस्टल थी। इसी दौरान पिस्टल की मैगजीन निकालते समय गोली अचानक चल गई और रंजीत के पेट में जा लगी।
गंभीर रूप से घायल रंजीत को परिजन तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। घायल अवस्था में रंजीत ने पुलिस को बयान में बताया कि पिस्टल से गोली मारी गई थी। हालांकि, परिजनों ने किसी पुरानी रंजिश या दुश्मनी से इनकार किया है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ जारी है और जल्द ही घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





