हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय राजपुर की छात्रा कुमारी प्रिया ने वर्तमान सत्र 2025-26 के लिए आयोजित नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया है। प्रिया के इस ऐतिहासिक चयन से ग्रामीण क्षेत्र में खुशी का माहौल है। कुमारी प्रिया, जो कक्षा 5 की छात्रा हैं, ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों की कड़ी मेहनत और मार्गदर्शन को दिया है। प्रिया के पिता श्री उमेश कुमार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती ललिता देवी गृहिणी हैं। आर्थिक रूप से साधारण इस परिवार ने बेटी की शिक्षा के लिए कभी कोई कमी नहीं रहने दी।
प्रिया की इस उपलब्धि की कहानी संघर्ष और लगन की मिसाल है। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय राजपुर में ही पहली कक्षा से अपनी शिक्षा प्रारंभ की और लगातार अपनी मेहनत के बल पर टॉप 3 में बनी रहीं। विद्यालय के शिक्षकों के अनुसार, प्रिया बेहद सुशील और विनम्र स्वभाव की छात्रा रही है। प्रिया की सफलता पर उनके शिक्षक भी फूले नहीं समा रहे हैं। विद्यालय की इंचार्ज मुख्य अध्यापिका श्रीमती उपासना ने प्रिया को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी इस सफलता से अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी।
कक्षा 5 के कक्षा अध्यापक श्री चैतन्य प्रकाश उपाध्याय, जो चौथी और पांचवीं कक्षा में प्रिया के अध्यापक रहे हैं, ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा, “प्रिया बचपन से ही मेहनती और अनुशासित रही है। इस सफलता के साथ उसने साबित कर दिया है कि यदि इच्छाशक्ति हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।”





