• Home
  • फिरोजाबाद
  • उपभोक्ता अपने मीटरों को रखें पॉजिटिव बैलेंस, नेगेटिव होने पर कटेगा कनेक्शन – मुख्य अभियंता

उपभोक्ता अपने मीटरों को रखें पॉजिटिव बैलेंस, नेगेटिव होने पर कटेगा कनेक्शन – मुख्य अभियंता

फिरोजाबाद। पावर कॉरपोरेशन द्वारा जनपद में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए विभाग ने योजनाओं को धरातल पर उतारा है। जिले में लगभग तीन लाख से अधिक मीटर लगाए जा चुके हैं। मीटर लगने के बाद बकायेदारों पर लगाम लगेगी।

सोमवार को एसएन विद्युत सबस्टेशन पर मुख्य अभियंता फिरोजाबाद जोन, भरत सिंह ने बताया कि जनपद में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिसके लिए विभाग कोई शुल्क नहीं ले रहा है। शहरी क्षेत्र में 70 प्रतिशत तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 50 प्रतिशत मीटर लगाए जा चुके हैं। अब तक जनपद में लगभग 3 लाख 10 हजार मीटर लगाए जा चुके हैं। जिन उपभोक्ताओं के घरों में अभी मीटर नहीं लगे हैं, वहां शीघ्र ही प्रीपेड मीटर लगाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ता विभाग के ऐप पर अपनी दैनिक खपत, बैलेंस और बिल की जानकारी देख सकते हैं। उपभोक्ता अपने मीटरों का बैलेंस पॉजिटिव रखें, क्योंकि नेगेटिव बैलेंस होने पर बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाएगी, जो रिचार्ज करने पर पुनः चालू होगी।

शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं पर करोड़ों रुपये के बकाए के कारण कई मीटर नेगेटिव बैलेंस में चल रहे हैं और उनके कनेक्शन काट दिए गए हैं। रिचार्ज कराने पर पुनः विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

जनपद में वर्टिकल स्ट्रक्चर सिस्टम लागू होने से उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। सभी उपभोक्ता अपने मीटरों का बैलेंस पॉजिटिव रखें। नेगेटिव बैलेंस होने पर बिजली आपूर्ति स्वतः बंद हो जाएगी। मीटरों को एडवांस में रिचार्ज कराएं और कनेक्शन कटने से बचें। विभाग 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।

— विजय मोहन खेड़ा, अधीक्षण अभियंता, शहरी क्षेत्र विद्युत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top