रायबरेली। 30 मार्च 2026 को लोकभवन लखनऊ में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सेविकाओं को स्मार्टफोन एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की 69,804 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों/मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन, करीब दो लाख ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस, 18,440 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों/सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र तथा 450 करोड़ रुपये की लागत से 3,170 आंगनबाड़ी केंद्र भवनों और 140 बाल विकास परियोजना कार्यालय भवनों का लोकार्पण/शिलान्यास किया।

इस दौरान जनपद रायबरेली की 8 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए तथा 207 आंगनबाड़ी केंद्रों का वर्चुअल लोकार्पण किया गया। इसी क्रम में जनपद में विधानसभा स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। विधानसभा हरचन्दपुर के विकास खंड सतांव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात उत्तर प्रदेश दिनेश प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा और सुना गया।
उद्यान मंत्री ने हरचन्दपुर विधानसभा क्षेत्र के 29 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया, जिनमें विकास खंड खीरों के 15, सतांव के 12 तथा हरचन्दपुर के 2 केंद्र शामिल हैं। इसके बाद उन्होंने 5 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं 5 बच्चों का अन्नप्राशन कराकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी के कार्यों की सराहना करते हुए इसके सामाजिक योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का सुदृढ़ीकरण सरकार की प्राथमिकता में है, जिससे बच्चों और महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य तथा प्रारंभिक शिक्षा को बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि नए केंद्रों के निर्माण से स्थानीय स्तर पर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलेंगी और गर्भवती व धात्री महिलाओं को भी लाभ होगा।
कार्यक्रम का संचालन एस.एस. पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता, उपायुक्त (श्रम रोजगार) प्रमोद कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





