• Home
  • रायबरेली
  • चैत्र पूर्णिमा और हनुमान जयंती पर गंगा घाटों में उमड़ा आस्था का सैलाब

चैत्र पूर्णिमा और हनुमान जयंती पर गंगा घाटों में उमड़ा आस्था का सैलाब

ऊंचाहार, रायबरेली। चैत्र मास की पूर्णिमा और हनुमान जयंती के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पतित पावनी गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाई। भोर होते ही गोकना गंगाघाट पर स्नान के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर गंगे, हर-हर महादेव और जय बजरंग बली के जयकारों से पूरा घाट क्षेत्र गुंजायमान रहा। दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद मंदिरों में पूजा-अर्चना की और तीर्थ पुरोहितों को दान-दक्षिणा देकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर भक्तों ने भगवान हनुमान की विशेष पूजा की और प्रसाद अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।

मां गंगा गोकर्ण जनकल्याण समिति के सचिव व तीर्थ पुरोहित पं. जितेंद्र द्विवेदी ने बताया कि चैत्र पूर्णिमा के दिन ही भगवान हनुमान का जन्मोत्सव मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी को कलयुग का जाग्रत देव माना जाता है, जो अपने भक्तों के कष्ट दूर कर उन्हें बल, बुद्धि और विद्या प्रदान करते हैं। गोकना घाट के अलावा तीर खरौली, गोला घाट और बहादुरगंज घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। स्नान के बाद भक्तों ने घाटों पर ही हनुमान जी की पूजा-अर्चना की और बंदरों को पूड़ी, लड्डू, चना और गुड़ खिलाया।

वहीं नगर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में भी सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। बिजली घर के पास स्थित शनि मंदिर, रामचंद्रपुर, छिपिया, एनटीपीसी परिसर स्थित मनकामेश्वर मंदिर, कोटरा और जमुनापुर सहित क्षेत्र के अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर कई स्थानों पर हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के पाठ का आयोजन किया गया। भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रमों के दौरान वानर भोज का आयोजन कर बंदरों को प्रसाद खिलाया गया और बाद में श्रद्धालुओं के बीच भी प्रसाद का वितरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top