हाथरस। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान में शारदा यूनिवर्सिटी आगरा द्वारा “इन्फ्लुएंशियल टीचर अवॉर्ड 2026 हाथरस चैप्टर” का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जनपद के 25 विद्यालयों से आए 70 से अधिक शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण और स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद दीप प्रज्ज्वलन कर आयोजन का शुभारंभ किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों और अवसरों पर एक प्रभावशाली प्रस्तुति भी दी गई।
मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. जगदीश शर्मा उपस्थित रहे, जो सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर हाथरस एवं सेंट विवेकानंद पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जे.के. अग्रवाल ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर डॉ. संजय मिश्रा और साईबल चटर्जी ने शिक्षकों की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर प्रेरणादायक विचार व्यक्त किए। आउटरीच कार्यों का नेतृत्व कर रहे आतिफ सिद्दीकी ने कहा कि शिक्षक समाज के सच्चे निर्माता होते हैं, जो ज्ञान और संस्कारों के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारते हैं।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन की सफलता में नितिन भार्गव, रमेश और सुमित शर्मा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की सफलतापूर्वक सम्पन्नता पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पी.के. गुप्ता, प्रो. कुलाधिपति वाई.के. गुप्ता तथा कुलपति डॉ. परमानन्द ने पूरी आयोजन टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।





