• Home
  • हाथरस
  • आंधी-बारिश से फसलें तबाह, मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन

आंधी-बारिश से फसलें तबाह, मुआवजे की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन

हाथरस। क्षेत्र में हाल ही में आई असमय आंधी, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की तैयार रबी फसलें बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। खेतों में खड़ी गेहूं, सरसों और आलू की फसलें गिरकर नष्ट हो गईं, जिससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों की इस समस्या को लेकर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर शीघ्र क्षतिपूर्ति की मांग की। पदाधिकारियों का कहना है कि सासनी ब्लॉक सहित जिले के कई क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदा के कारण भारी नुकसान हुआ है। ब्रज प्रांत उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता ने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे किसानों पर इस आपदा ने अतिरिक्त बोझ डाल दिया है और उनकी सालभर की मेहनत पर पानी फिर गया है। जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह चौधरी ने प्रशासन से मांग की कि तत्काल गिरदावरी कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाए और किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे आगामी खरीफ सीजन की तैयारी कर सकें। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि शासन के निर्देशानुसार नुकसान का सर्वे कराया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान वीरपाल सिंह (जिला मंत्री), माधवी सिंह (जिला महिला प्रमुख), रघुवर दयाल शर्मा (जिला उपाध्यक्ष), योगेंद्र सिंह (जिला जैविक प्रमुख), अजय चौधरी (पूर्व जिला अध्यक्ष), लखन सिंह (कार्यकारी सदस्य), मनोज मिश्रा (सासनी ब्लॉक उपाध्यक्ष) और रजत राना (सिकंदराराऊ प्रभारी) सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top