आगरा/मथुरा। रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गाड़ी संख्या 01919/01920 को अब नियमित रूप से आगरा कैंट–असारवा एक्सप्रेस (20178/20177) के रूप में संचालित किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह सुपरफास्ट ट्रेन अब निर्धारित समय सारणी के अनुसार नियमित रूप से संचालित होगी, जिससे यात्रियों को आवागमन में अधिक सुविधा मिलेगी।
ट्रेन संचालन विवरण इस प्रकार है—
गाड़ी संख्या 20178 (आगरा छावनी से असारवा) का संचालन 8 अप्रैल 2026 से प्रत्येक बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को किया जाएगा। वहीं गाड़ी संख्या 20177 (असारवा से आगरा छावनी) का संचालन 9 अप्रैल 2026 से प्रत्येक गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार, रविवार और सोमवार को होगा।
ट्रेन की संरचना में कुल 24 कोच शामिल किए गए हैं, जिनमें 9 सामान्य श्रेणी, 10 स्लीपर कोच, 2 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (एसी थर्ड), 1 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी (एसी सेकंड) तथा 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं। रेल प्रशासन का मानना है कि इस ट्रेन के नियमित संचालन से आगरा, मथुरा और आसपास के क्षेत्रों से गुजरात की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।





